-न्यू नोएडा के मास्टर प्लान 2041 की मंजूरी के लिए नोएडा प्राधिकरण ऑनलाइन बोर्ड बैठक करेगा आयोजित
-जन सामान्य ने 19 आपत्तियां व सुझाव प्राधिकरण को भेजे, प्राधिकरण ने किया निस्तारण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अब दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (डीएनजीआईआर) यानी न्यू नोएडा के मास्टर प्लान 2041 की मंजूरी की कवायद शुरू होगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ऑनलाइन बोर्ड बैठक के माध्यम से प्लान को मंजूरी दिलाने की कोशिश करेगा। जल्द ही बोर्ड बैठक का आयोजन होगा। इससे पहले नोएडा प्राधिकरण को न्यू नोएडा के मास्टर प्लान के ड्राफ्ट के बाबत 19 आपत्तियां व सुझाव मिले, जिसका निस्तारण किया गया।
नोएडा प्राधिकरण की योजना के मुताबिक मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर सभी स्टेक होल्डर से चर्चा कराना रहा। उनसे इस प्लान के बारे में पूछा गया था कि कहीं किसी प्रकार के संशोधन की जरूरत तो नहीं है। ऐसे में प्राधिकरण को कई आपत्तियां व सुझाव मिले। इन आपत्तियों व सुझाव को संज्ञान में लेते हुए प्राधिकरण ने नियोजन विभाग के माध्यम से समाधान कराया।
एक बार फिर बोर्ड में होगा मास्टर प्लान
आपत्तियों के निस्तारण के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी के बाद यह तय करना होगा कि इसे किस प्रकार से अमल में लाया जाए। इसके बाद एक बार फिर से इसे बोर्ड में रखा जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन बोर्ड बैठक की जाएगी। संभावना है कि न्यू नोएडा के लिए जल्द ही बोर्ड बैठक की तिथि की घोषणा होगी।
फिर शुरू होगा जमीन का अधिग्रहण
मास्टर प्लान की मंजूरी के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। फिर इसके टेंडर आदि होने शुरू होंगे। न्यू नोएडा का विकास फेजवाइज होगा। जैसे-जैसे जमीनों का अधिग्रहण होता जाएगा, वैसे-वैसे इसके विकास के लिए टेंडर निकालते हुए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद यहां काम शुरू होगा।
डीएनजीआईआर के मास्टर प्लान की फैक्ट फाइल
-209.11 वर्ग किलोमीटर में फैला होगा न्यू नोएडा
-आवासीय-13.44 प्रतिशत
-वाणिज्यिक-4.06 प्रतिशत
-मल्टी यूटिलिटी या फैसिलिटी-0.25 प्रतिशत
-पब्लिक या सेमी पब्लिक-8.32 प्रतिशत
-फैसिलिटी या यूटिलिटीज-0.95 प्रतिशत
-औद्योगिक-40.27 प्रतिशत
-ग्रीन्स, पार्क और ओपन स्पेस-15.71 प्रतिशत
-रिक्रिएशनल-2.25 प्रतिशत
-वाटर बॉडिज-0.59 प्रतिशत
-ट्रैफिक और ट्रांसपोर्टेशन-14.17 प्रतिशत