नोएडा (संवाद)। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में शनिवार को राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर नर्सिंग कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और अधिकारों के समर्थन में विरोध जताते हुए शासन से जल्द समाधान की मांग की। संघ की गौतम बुद्ध नगर शाखा के बैनर तले कर्मचारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद नर्सिंग अधिकारियों की समस्याओं पर लंबे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनकी प्रमुख मांगों में गृह जनपद में तैनाती, समान भत्ते, पदोन्नति, रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति और पुरानी पेंशन बहाली शामिल हैं।