फीस बढ़ाने पर एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन
नूंह। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) रोहतक के अधीन आने वाले प्रदेश के सभी कॉलेजों के सभी कोर्स में फीस बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने मंगलवार को नूंह स्थित यासीन मेव डिग्री कॉलेज के सामने एमडीयू के वाइस चांसलर का पुतला फूंक कर विरोध जताया। वहीं बढ़ी हुई फीस को तुरंत वापिस लेने की मांग की है। एनएसयूआई मेवात के कार्यकर्ताओं ने यासीन मेव डिग्री कॉलेज नूंह के गेट के सामने बढ़ी फीस के विरोध अपना प्रदर्शन किया। इस मौके पर एनएसयूआई मेवात के जिला अध्यक्ष आफाक खान सलाहेड़ी ने बताया कि अबकी बार एमडीयू ने अपने सभी कॉलेजों के सभी कोर्स की फीस में 2000 से 3000 रुपये की बढ़ोतरी की है। ज्यादातर बढ़ोतरी स्नातक कक्षाओं में की गई है। आफाक खान ने बताया कि आर्ट्स, कॉमर्स और विज्ञान की सभी कक्षाओं में लगभग 86 फीसदी तक फीस की बढ़ोतरी की है। छात्र-छात्राओं में बढ़ी हुई फीस को लेकर काफी रोष है। उन्होंने कहा कि अगर यूनिवर्सिटी प्रशासन और हरियाणा सरकार ने बढ़ी हुई फीस वापिस नहीं ली तो प्रदेश स्तर पर एनएसयूआई आंदोलन करेगी। ब्यूरो