ग्रेटर नोएडा। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले तीन से छह वर्ष की उम्र के नौनिहालों के लिए अच्छी खबर है। अब प्री-प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों को भी स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा और अन्य जरूरी सामग्री के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी। अभी तक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रत्येक विद्यार्थी को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा और अन्य जरूरी सामग्री के लिए 1200 रुपये डीबीटी के जरिए दिए जाते हैं। योजना की शुरुआत प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों में संचालित प्री-प्राइमरी कक्षाओं से की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पीएम श्री विद्यालयों में संचालित प्री-प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के बैंक खातों की जानकारी मांगी गई है। पात्र छात्रों के अभिभावकों के आधार से लिंक बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि जनपद के 8 पीएम श्री विद्यालयों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। स्कूल ड्रेस में बच्चे विद्यालय आएंगे तो उनमें स्कूल से जुड़ाव और नियमित रूप से विद्यालय आने की रुचि बढ़ाने में मदद मिलेगी। ब्यूरो