जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित, समाज कल्याण अधिकारी होंगे नोडल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अब निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड से होने वाले कार्यों की अनुमति जिलास्तरीय समिति देगी। उसके बाद ही विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के कार्यों में निजी क्षेत्र की सहभागिता होगी। जिलाधिकारी समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि जिला समाज कल्याण अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के कार्यों में सीएसआर फंड का उपयोग किया जाता है। अब सीएसआर फंड के उपयोग के लिए मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है। डीएम की अध्यक्षता में बनी मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष मुख्य विकास अधिकारी, सदस्य अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उप श्रम आयुक्त, उपनिदेशक कारखाना, संभागीय वन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी होंगे, जबकि सदस्य सचिव के रूप में जिला समाज कल्याण अधिकारी होंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र बहादुर सिंह को बनाया गया है। डीएम ने बताया कि समिति माह में एक बार बैठक करेगी, जिसमें सीएसआर के प्रस्ताव पर फैसला लिया जाएगा।
लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करें अधिकारी
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी ने मंंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक की, जिसमें डीएम ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत अगर आवेदन लंबित हैं तो तत्काल उनका संज्ञान लेकर गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों को मिल सके। डूडा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर कहा कि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, उनका अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कराएं। बैठक में परियोजना निदेशक डूडा, लीड बैंक मैनेजर, समस्त बैंक जिला समन्वयक और अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।