-उच्च शिक्षा मंत्री आतिशी ने उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए छात्रों से मांगे सुझाव
-कहा, बेरोजग़ारी दूर करने को नई सोच के साथ नए आइडिया विकसित करने आवश्यक
-आईआईआईटी दिल्ली के इनक्यूबेशन सेंटर से अब तक शुरू हुए 64 अनूठे स्टार्ट-अप्स
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अब उच्च शिक्षा संस्थानों में भी छात्र उद्यमिता के गुर सीखेंगे। दिल्ली सरकार ने इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईआईटी) दिल्ली के इनक्यूबेशन सेंटर के उद्यमियों से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सुझाव मांगे हैं। सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों में उद्यमिता और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाते समय प्राप्त सुझावों पर विचार करेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री आतिशी ने सोमवार को आईआईआईटी दिल्ली के इनक्यूबेशन सेंटर का दौरा किया। वहां उन्होंने छात्रों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि आज के समय में उद्यमिता एक महत्वपूर्ण स्किल बन गया है जो हर छात्र में होना चाहिए। इसे लेकर एक ऐसा इको सिस्टम बनाना चाहिए जो युवा उद्यमियों को आवश्यक संसाधन और समर्थन प्रदान करे। और उनके आइडिया को सफल उद्यमों में बदल दें। उन्होंने कहा कि यह युवा उद्यमी विभिन्न सामाजिक समस्याओं के लिए इनोवेटिव समाधान तैयार कर रहे हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार देश के आर्थिक और सामाजिक तरक्की के लिए अपने उच्च शिक्षा संस्थानों में एंत्रप्रेन्योरशिप माइंडसेट और उसके लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बातचीत के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री आतिशी ने छात्रों से दिल्ली में उच्च शिक्षा संस्थानों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सुझाव माँगे। इस दौरान छात्रों ने अपने सुझाव भी दिए। सुझाव साझा करते हुए छात्रों ने कहा कि इनक्यूबेशन सेंटर ने उनके विचारों को वास्तविकता में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सेंटर के विशेषज्ञों के सहयोग से उन्हें उद्यमिता की चुनौतियों का सामना करने में उनकी मदद करने में महत्वपूर्ण रहा है। सेंटर ने उन्हें नेटवर्क बनाने, सहयोग करने और दूसरों से सीखने के अवसर प्रदान किए हैं, जो स्टार्टअप के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। छात्रों ने सुझाव दिया कि स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों में उद्यमिता एजुकेशन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाना चाहिए और ऐसे और सेंटर स्थापित किए जाने चाहिए।
अब तक शुरू हुए हैं 64 स्टार्टअप
मालूम हो कि दिल्ली सरकार के आईआईआईटी दिल्ली का इनक्यूबेशन सेंटर स्टार्ट-अप्स के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करता है। इनमें से कुछ स्टार्टअप उद्यमिता पर आधारित टीवी शो शार्क टैंक का हिस्सा भी बन चुके हैं। आईआईआईटी दिल्ली के इनक्यूबेशन सेंटर से अब तक 64 स्टार्टअप शुरू किए जा चुके हैं।