यमुना सिटी (संवाद)। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में नए शिक्षण सत्र से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सीबीएसई विद्यालयों की तर्ज पर अब परिषदीय विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा और ग्रेडिंग सिस्टम लागू होगा। पारंपरिक अंक प्रणाली के स्थान पर विभाग ने ग्रेडिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर ली है। वहीं रिपोर्ट कार्ड में क्यूआर कोर्ड भी जोड़ा जाएगा, जिसे स्कैन करके सारी जानकारी मिल जाएगी। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब बच्चों के सीखने के स्तर को स्काई, माउंटेन और स्ट्रीम तीन श्रेणियों में आंका जाएगा। स्काई श्रेणी में आने वाले छात्रों को तीन स्टार दिए जाएंगे, जो उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाएगा। माउंटेन श्रेणी के छात्रों को दो स्टार मिलेंगे, जो उनकी स्थिर प्रगति का संकेत है। वहीं स्ट्रीम श्रेणी में आने वाले विद्यार्थियों को एक स्टार दिया जाएगा, जिसे शुरुआती स्तर माना जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस नई व्यवस्था का मकसद केवल परीक्षा आधारित मूल्यांकन से आगे बढ़कर छात्रों के समग्र विकास पर ध्यान देना है। इसमें अभिभावकों और छात्रों के फीडबैक को भी शामिल किया गया है, जिससे शिक्षा प्रणाली अधिक सहभागी और प्रभावी बन सके।