ग्रेटर नोएडा। विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने नवजीवन इंटर कॉलेज और भवानी शंकर इंटर कॉलेज को नोटिस जारी किया है। हाल ही में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने इन दोनों कॉलेजों का निरीक्षण किया था। इस दौरान नवजीवन इंटर कॉलेज में 18 से 20 फीसदी तक उपस्थिति रही। वहीं, भवानी शंकर इंटर कॉलेज में लगभग 50 फीसदी बच्चे आ रहे थे, यहां पिछले सत्र में बड़ी संख्या में छात्र अनुत्तीर्ण हुए थे।
डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को निरीक्षण के दौरान नवजीवन इंटर कॉलेज में मात्र 118 ही पढ़ाई करते हुए मिले, जबकि 609 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसके अलावा नियम के विरुद्ध वित्तविहीन कक्षाओं की फीस प्रधानाचार्य के पद नाम वाले बैंक खाते में आ रही है। इसके लिए भी प्रधानाचार्य को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। वहीं 14 जुलाई को सदर सराय नोएडा स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज में निरीक्षण किया। यहां 1159 पंजीकृत विद्यार्थियों में 500 की कक्षा में उपस्थित रही। 500 उपस्थित छात्रों में से 114 पिछले वर्ष अनुत्तीर्ण रहे हैं।