अवैध कॉलोनी काटने वाले 1800 लोगों को नोटिस, दर्ज होगी रिपोर्ट
- प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में धड़ल्ले से किया जा रहे निर्माण पर लगेगी रोक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध रूप से काॅलोनी काटने, विला बनाने और अवैध निर्माण करने पर 1800 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।धारा-10 के तहत जारी नोटिस में सभी को अवैध निर्माण हटाने के लिए कहा गया है। मामले में बिसरख और इकोटेक वन व थ्री थानो में 60 से अधिक लोगों पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
बते कुछ दिनों से प्राधिकरण अधिकारियों का अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर नहीं चला था। इसका फायदा उठाकर कॉलोनाइजरों ने कुछ ही दिन में विला बनाकर बेच दिए। कई स्थानों पर तेजी से कॉलोनियां काटी जानी शुरू हो गईं। प्राधिकरण के अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई की योजना बनाते हुए 1800 लोगों को धारा-10 के नोटिस भेजे हैं। इनमें काॅलोनाजर और विला बनाने वालों के अलावा कुछ किसान भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि अवैध निर्माण नहीं हटाने पर उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा। बिसरख और इकोटेक वन और थ्री समेत कई थाने में प्राधिकरण की ओर से अवैध कॉलोनाइजर के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
अधिकारियों की शह पर होता है अतिक्रमण
जानकार लोगों का कहना है कि प्राधिकरण अधिकारियों की शह पर ही अवैध निर्माण कराए जाते हैं। साथ ही मिटटी का खनन किया जाता है। इस बात की जानकारी प्राधिकरण के आला अधिकारियों को भी होती है लेकिन इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती है।