ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित इरोस संपूर्ण सोसाइटी के सात लोगों के खिलाफ शांति भंग करने की आशंका पर पुलिस की ओर से नोटिस जारी किया गया है। इससे नाराज लोगों ने रविवार को सोसाइटी में प्रदर्शन किया। आरोप है कि यह नोटिस बिल्डर प्रबंधन द्वारा पुलिस के साथ मिलकर जारी कराया है। निवासी शशिधर भट्ट ने बताया कि सोसाइटी में हजारों परिवार रह रहे हैं लेकिन लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक ठीक से नहीं मिल रही है। एक ओर बिजली की समस्या बढ़ती जा रही है। आए दिन कट लगते हैं। वहीं, कॉमन एरिया का बिजली चार्ज दोबारा लिया जा रहा है जिस पर रोक लगनी चाहिए। पिछले तीन हफ्तों से बिल्डर प्रबंधन के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे हैं। अब पुलिस ने शनिवार को नोटिस जारी कर दिया है जिसमें उन्होंने सात लोगों पर सोसाइटी में शांति भंग करने की आशंका जताई है। साथ ही, ऐसा करने पर दो लाख का जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। निवासियों का कहना है कि पुलिस को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनका साथ देना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। निवासियों ने कहा कि वह अपने हक के लिए लड़ाई करेंगे। ब्यूरो