घुमंतू पारदी गैंग का 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
- आरोपी ने भाई को छुड़ाने के लिए गुलेल से फोड़ दी थी पुलिसकर्मी की आंख
- मकानों में चोरी आदि के सात केस में तलाश रही थी उत्तराखंड की पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एसटीएफ ने उत्तराखंड एसटीएफ की मदद से घुमंतू जाति के पारदी गैंग के 50 हजार के इनामी झांसी निवासी विक्रम को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। विक्रम ने अपने भाई को छुड़ाने के लिए गुलेल से पत्थर मारकर एक पुलिसकर्मी की आंख फोड़ दी थी। आरोपी को मकानों में चोरी समेत सात मामलों में उत्तराखंड पुलिस आरोपी को तलाश रही थी।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि पारदी गैंग का विक्रम गौतमबुद्ध नगर में छिपकर रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर एसटीएफ की टीम ने आरोपी को उत्तराखंड एसटीएफ के सहयोग से दादरी-भंगेल रोड पर सीएनजी पंप के सामने सीआरपीएफ शिविर के पास से गिरफ्तार किया है। विक्रम और उसके गिरोह ने वर्ष 2022 में उत्तराखण्ड के देहरादून, हरिद्वार व रानीपुर क्षेत्र में मकानों के ग्रिल काटकर कई घरों में चोरी की वारदात की थी। हरिद्वार की एक घटना में पुलिस ने भागते समय विक्रम के भाई मुकेश को पकड़ लिया था। लेकिन मुकेश को छुड़ाने के लिए विक्रम ने गुलेल से पत्थर मारकर एक पुलिसकर्मी की आंख फोड़ दी थी। इस घटना के संबंध में थाना कनखल, जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड) में केस दर्ज किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल जोन, उत्तराखंड ने आरोपी पर पचास हजार का पुरस्कार घोषित किया गया था। गैंग के मुकेश, शंकर व राहुल जेल भेजे जा चुके हैं। लेकिन विक्रम को उत्तराखंड पुलिस तलाश कर रही थी।