नोएडा के हर्षित की जेईई एडवांस में 16 वीं रैंक
- शहर के कई छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन, आईआईटी में दाखिले की राह हुई आसान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जेईई एडवांस में सेक्टर-52 निवासी हर्षित कंसल ने देश भर में 16 वींं रैंक प्राप्त की है। वह आईआईटी दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। हर्षित 12 वीं में यूपी के टॉपर्स की लिस्ट में भी शुमार थे, इसके लिए उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया था। इसके अलावा सेक्टर-78 में रहने वाले आदि ने 112 और ईशान रैना ने 466 रैंक प्राप्त की। जिले के करीब 50 बच्चे टॉप पांच हजार में हैं।
जो भी करो खुश होकर करो
हर्षित ने 360 में से 314 अंक प्राप्त किए हैं। उनके भौतिक विज्ञान में 112, रसायन विज्ञान में 110 व गणित में 92 अंक हैं। जेईई मेन्स में उनकी 242 वीं रैंक थी। हर्षित ने बाल भारती पब्लिक स्कूल से इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा पास की है। 12 वीं में 99 और 10 वीं में 99.8 प्रतिशत अंक थे। हर्षित ने बताया कि एडवांस में अच्छी रैंक हासिल करने के लिए 11 वीं से ही जेईई की तैयारी शुरू कर दी थी। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा रटने की बजाय समझने पर फोकस किया। नियमित रूप से चार से पांच घंटे सेल्फ स्टडी की। साथ में कोचिंग के शिक्षकों ने मदद की और हमेशा खुश होकर पढ़ाई की।
उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी के अलावा कुछ रिफरेंस बुक की भी मदद ली। तैयारी के साथ माक टेस्ट भी लगातार दिए। इससे पता चलता गया कि तैयारी का स्तर कितना है। इसके अलावा हर्षित ने किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना और राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा क्वालिफाई की है। उनके पिता हरकुश गुप्ता का अपना व्यवसाय है व मां करुणा गुप्ता गृहणी हैं।
छठी कक्षा से शुरू की थी तैयारी
सेक्टर- 78 में रहने वाले आदि गोविल की जेईई एडवांस में 112 रैंक आई है। उन्होंने एल्कॉन पब्लिक स्कूल से 12 वीं की पढ़ाई की है। उनके 10 वीं में 94.7 व 12 वीं में 97.6 प्रतिशत अंक आए थे। वह आईआईटी मद्रास से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। आदि के पिता डॉ. गौरव व मां दोनों चिकित्सक हैं। आदि ने बताया कि उन्होंने आईआईटी में दाखिले के लिए छठी कक्षा से ही तैयारी शुरू कर दी थी। आदि ने बताया कि किसी भी मुकाम को पाने के लिए मेहनत जरूरी है। आदि ने किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना और राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा भी क्वालिफाई की है।
आईआईटी दिल्ली में लेना चाहते हैं दाखिला
सेक्टर- 50 निवासी ईशान रैना की जेईई एडवांस में 466 रैंक आई है। जेईई मेन्स में उनकी 513 रैंक आई थी। उन्होंने बताया कि वह आईआईटी दिल्ली में दाखिला लेना चाहते हैं। उन्होंने समरविल स्कूल से 12 वीं की पढ़ाई की है। उनके 12 वीं में 99 और 10 वीं में 99.8 प्रतिशत अंक आए थे। उनके पिता दीपक रैना प्राइवेट सेक्टर में हैं और मां गृहणी हैं।
एक दिन में नहीं मिलती सफलता
सेक्टर- 62 स्थित फादर एग्नल स्कूल से 12 वीं की पढ़ाई करने वाली लक्षिता की 879 रैंक आई है। उनके 12 वीं में 96.2 प्रतिशत अंक आए थे। इंदिरापुरम निवासी लक्षिता के पिता सीए हैं। लक्षिता अपने रिजल्ट से बहुत खुश हैं। उनका कहना है कि सफलता के लिए लंबा प्रयास करना होता है।