ऑनलाइन पढ़ाई में लापरवाह बने शिक्षक, विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण
- 5 स्कूलों पर लगा लापरवाही का आरोप, जांच के दायरे में प्रधानाचार्य और शिक्षकों की भूमिका
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा
ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान सरकारी स्कूलों में लापरवाही की लगातार शिकायतें आ रही हैं। जिसके चलते शिक्षा विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के 5 स्कूलों के प्रधानाचार्य को शिक्षा विभाग ने बच्चों की पढ़ाई में लापरवाही बरतने का दोषी माना है। जिसके बाद उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। अभिभावकों ने स्कूलों के खिलाफ शिकायत की है कि इन स्कूलों के शिक्षक ऑनलाइन कक्षा के बीच में ही किसी तरह की समस्या बता कर पढ़ाई रोक देते हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से पांच स्कूल के प्रधानाचार्य और ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी में लगे 15 नोडल अधिकारियों से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारी की लापरवाही के चलते 5 स्कूल के लगभग 42 सौ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। साथ ही साथ जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि यह पांच स्कूल पाठ्यक्रम को पूरा किए जाने के अपने तय मानक से भी अन्य स्कूलों के मुकाबले काफी पिछड़ रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ नीरज कुमार पांडे ने कहा कि ऑनलाइन कक्षाओं पर विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। कक्षाओं के बीच में विभाग के अधिकारी शामिल होकर पाठ्यक्रम को शिक्षकों की ओर से पढ़ाए जाने की प्रक्रिया को देखते हैं। यह पांच स्कूल लगातार ऑनलाइन पढ़ाई कराए जाने के दौरान लापरवाही बरत रहे थे। प्रधानाचार्य को बैठक में शामिल कर स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही शिक्षकों को भी विभागीय जांच के दायरे में शामिल किया जाएगा।
--------------------
प्रगति मिश्रा