नोएडा सेक्टर-73 यदु पब्लिक स्कूल के पास नाले में घुसी कार
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा सेक्टर-73 सरफाबाद स्थित यदु पब्लिक स्कूल मोड़ पास खुले नाले के कारण हो रही दुर्घटनाओं को लेकर रविवार को सेक्टर-120 में कई सोसाइटी के लोगों ने बैठक की। नोफा के अध्यक्ष राजीव सिंह ने कहा कि इस मोड़ पर हर सप्ताह वाहन फिसलते हैं।
गंभीर दुर्घटनाओं से बचने के लिए सड़क को चौड़ी करने की जरूरत है या फिर स्पीड ब्रेकर बनाए जा सकते हैं। प्रतीक लोरेल सोसाइटी के प्रभात वत्स ने कहा कि समस्या को लेकर निवासी विधायक और सांसद को भी ज्ञापन भी दे चुके हैं।
कट की वजह से आरजी रेजीडेंसी, आम्रपाली प्लेटिनम, आम्रपाली जोडिएक, गौर ग्रेंडर, यूनी होम्स, एल्डेको, प्रतीक लॉरेल समेत 1 दर्जन से अधिक सेक्टर के 50 हजार निवासी समस्या से जूझ रहे हैं।
कट पर हो रहे हादसों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसको दुरुस्त करने के लिए लोगों ने सोशल मीडिया पर मुहिम छेड़ी है। सेक्टर-73 निवासी सोनू यादव ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन गड्ढे में वाहन गिरते रहते हैं। प्राधिकरण के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।