मेट्रो फीडर बसों के रूट को नोएडा प्राधिकरण से भी मंजूरी
-जल्द नोएडा-ग्रेनो के 12 रूटों पर शुरू होगा 25 वातानुकूलित बसों का संचालन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मेट्रो स्टेशनों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों के बीच फीडर बस सेवा जल्द शुरू हो जाएगी। नोएडा प्राधिकरण ने भी छह रूटों पर बसों का संचालन करने की मंजूरी दी है। इससे पहले छह रूटों को ग्रेनो प्राधिकरण से भी हरी झंडी मिल चुकी है। कुल 12 रूटों पर 25 वातानुकूलित मिनी बसों का संचालन शुरू करने के लिए नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) ने तैयारी शुरू कर दी है।
एनएमआरसी ने बस संचालन का जिम्मा टर्बन मोबिलिटी कंपनी को दिया है। कंपनी की तरफ से किराया भी निर्धारित किया गया है। हालांकि, बसों में सफर के किराये के प्रस्ताव पर एनएमआरसी अंतिम मुहर लगाएगा। सर्वे के बाद सभी 12 रूट निर्धारित किए गए हैं। सभी रूट इस तरह निर्धारित किए गए हैं, जिससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलावा ग्रेनो वेस्ट के ज्यादा से ज्यादा सेक्टरों को जोड़ा जा सके। कंपनी की तरफ से बसों की बुकिंग कराई जा चुकी है। अब एनएमआरसी से मंजूरी मिलते ही इन बसों को मंगवाकर इन्हें मेट्रो फीडर बसों का रंग-रूप दिया जाएगा और सड़कों पर उतारा जाएगा। एप डाउनलोड कर यात्री बस की टाइमिंग और रूट से संबंधित जानकारी ले सकेंगे।