दिल्ली-कोलकाता रेलवे लाइन पर अलीगढ़ के चोला रेलवे स्टेशन से हरियाणा के पलवल रेलवे स्टेशन तक रेलवे कॉरिडोर बनाकर नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने की योजना है। चोला स्टेशन से पलवल तक रेल लाइन बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है। यह रेलवे ट्रैक 47.6 किमी लंबा होगा। इसमें जेवर और चोला में रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इस रेलमार्ग के बीच में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जुड़ेगा।
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने बोर्ड बैठक में दिल्ली-कोलकाता रेलमार्ग में अलीगढ़ के चोला से जेवर स्थित नोएडा एयरपोर्ट तक रेल लाइन के लिए प्रस्ताव पास किया था। यह कॉरिडोर 20 किमी का था। अब इस कॉरिडोर में कुछ बदलाव करते हुए प्रदेश सरकार की ओर से मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने रेलवे बोर्ड को अपना प्रस्ताव भेज दिया है। प्रदेश सरकार ने तय किया है कि दिल्ली-कोलकाता रेलमार्ग के चोला रेलवे स्टेशन से और दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग में पलवल स्टेशन तक वाया जेवर एयरपोर्ट होते हुए कॉरिडोर बनाया जाए।
यह दूरी करीब 47.6 किमी होगी। इस कॉरिडोर में जेवर में बड़ा रेलवे स्टेशन बनाया जाए। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि इस स्टेशन के बनने से क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलेगा। नए रेलमार्ग के बनने से यहां के निवासियों के दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, हरियाणा, राजस्थान समेत तमाम राज्यों तक पहुंच आसान हो जाएगी। दिल्ली-कोलकाता रेलमार्ग के बराबर से डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर भी है। चोला रेलवे स्टेशन के पास यह प्रस्तावित नए रेलमार्ग से जुड़ जाएगा। न्यू दादरी में ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर मिल रहे हैं। इसका फायदा नोएडा एयरपोर्ट और उद्योगों को मिलेगा।
दिल्ली के आनंद विहार तक चलाई जा सकती हैं स्पेशल ट्रेन
इस रेलवे कॉरिडोर के सहारे नोएडा एयरपोर्ट से वाया चोला होते हुए आनंद विहार दिल्ली तक स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकेंगी। इससे दोनों क्षेत्रों के निवासियों को लाभ मिलेगा। दूसरी ओर, वर्षों से जिले में रेलवे सुविधा की मांग भी पूरी हो सकेगी।