नोएडा पुलिस घटना की दे रही जानकारी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से सटे नोएडा में बीती रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 और 11 फरवरी की दरम्यानी रात को करीब 12.30 बजे नोएडा थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के अंर्तगत गिझोड रेड लाइट के ऊपर एलिवेटेड रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
इस हादसे में कार सवार एक युवती भूमिका जादौन निवासी ग्वालियर उम्र 25 जो यूनिवो कंपनी में काम करती थी, की मृत्यु हो गई। अन्य घायल युवक रॉबिन, प्रभास, अर्पित, अभिषेक व युवती श्वेता को इलाज हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया।
मृतका के शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया। मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करा दी गई थी और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
भूमिका को मिली दर्दनाक मौत
बताया जा रहा है कि जब कार डिवाइडर से टकराई तो उसमें सवार युवती भूमिका को इतना तेज झटका लगा कि वह उछलकर कार की खिड़की से बाहर गिरी और काफी दूर तक उसका सिर डिवाइडर से रगड़ता हुआ आगे गया। कहा जा रहा है कि इस वजह से उसका सिर चकनाचूर हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।