बिलासपुर (संवाद)।
अलौदा रोड स्थित नगर पंचायत के कूड़ा निस्तारण प्लांट (एमआरएफ) से करीब तीन माह पहले लाखों रुपये की मशीनें और अन्य सामान चोरी होने के मामले में पुलिस अभी तक चोरों का पता नहीं लगा सकी है। चोरी की घटना के बाद से प्लांट की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोर प्लांट से चार विद्युत मोटर, विद्युत ट्रांसफार्मर का सामान, पट्टा मशीन, प्रेशर मशीन की मोटर और दो सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य सामान चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि घटना के करीब तीन माह बीतने के बाद भी चोरी हुए सामान का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने दनकौर कोतवाली प्रभारी से जल्द चोरों का पता लगाकर चोरी का खुलासा करने की मांग की है। मामले में नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक श्रवण कुमार ने 9 अगस्त को दनकौर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।