नोएडा (संवाद)। सेक्टर-125 स्थित एमिटी लॉ स्कूल की ओर से आयोजित 16वीं एमिटी इंटरनेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता के राष्ट्रीय वर्ग में एनएमआईएमएस इंदौर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। चंडीगढ़ की टीम उपविजेता रही। अंतरराष्ट्रीय वर्ग में काठमांडू स्कूल ऑफ लॉ विजेता और अदीस अबाबा विश्वविद्यालय उपविजेता बना। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ड्रोन और राज्य प्रायोजित युद्ध के नियमन पर चर्चा हुई। समापन समारोह में दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों समेत कई न्यायिक हस्तियां शामिल हुईं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मेहनत, शोध, न्याय के प्रति निष्ठा और एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल का संदेश दिया।