ग्रेनो वेस्ट स्थित समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू हाउसिंग में नाइजीरियाई नागरिक द्वारा डिलीवरी ब्वॉय से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जब निवासी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो विदेशी युवक ने उनसे भी अभद्रता की है। इस बात से नाराज सोसाइटी के निवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर बिसरख कोतवाली पुलिस को सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार रात सोसाइटी के फ्लैट में रहने वाले विदेशी युवक ने ऑनलाइन सामान मंगवाया था। आरोप है कि डिलीवरी व्वॉय द्वारा भुगतान मांगे जाने पर वह भड़क गया और कहासुनी के बाद मारपीट पर उतारू हो गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य निवासियों से भी उसने दुर्व्यवहार किया, जिससे सोसाइटी में तनाव का माहौल बन गया।
घटना से आक्रोशित निवासियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और संबंधित किरायेदार को तत्काल सोसाइटी से बाहर करने की मांग उठाई। लोगों का आरोप है कि उक्त युवक पिछले एक वर्ष से सोसाइटी में रह रहा है। कई बार अभद्रता व झगड़े की घटनाओं में शामिल रहा है।
फ्लैट मालिक ने मेंटेनेंस टीम को बिना सूचना दिए उसे किराए पर रखा है। शुरुआत में उसे कैंसर रोगी बताकर फ्लैट दिया गया, लेकिन बाद में वह परिवार सहित रहने लगा। निवासियों का यह भी आरोप है कि वह सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम धूम्रपान करता है और नियमों की अनदेखी करता है। निवासियों द्वारा विरोध जताने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस दौरान उसके साथ मौजूद अन्य विदेशी युवकों ने उसे समझाते हैं।
वहीं कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का है कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। करीब एक माह पहले विदेशी युवक मेडिकल वीजा पर आया है। उसने एक डॉक्टर का फ्लैट किराये पर लिया है। भुगतान को लेकर उसका डिलीवरी ब्वॉय से विवाद हुआ था। फ्लैट मालिक से बातचीत कर किरायेदार से घर खाली कराने के निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने के कारण निवासी भी उससे खफा थे।