अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को मिली पहचान : योगी
- सीएम ने कहा : बीमारू राज्य से निकलकर समृद्ध राज्य की ओर कदम बढ़ा चुका उत्तर प्रदेश
- गौतमबुद्ध नगर को बताया कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, यूपी कभी बीमारू राज्यों में शामिल था। छह साल से लगातार समृद्धि की ओर कदम बढ़ाते हुए नए भारत में नए उत्तर प्रदेश ने अपनी खास पहचान बनाई है। नए एक्सप्रेस-वे, वाटर-वे और एयरपोर्ट के माध्यम से प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अब उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
बृहस्पतिवार को एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गौतमबुद्ध नगर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यूपी अब अपने कौशल को कुशलता में बदलकर खुद को नए रूप में पेश कर रहा है। छह साल पहले तक उत्तर प्रदेश को किसी ने समझने का प्रयास नहीं किया, लेकिन भाजपा ने आकर इसे प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि यूपी ट्रेडफेयर यह झलक दिखा रहा है कि नया उत्तर प्रदेश किस दिशा में बढ़ रहा है।
ट्रेड शो में 70 देशों के 70,000 से अधिक बिजनेस टू बिजनेस बायर्स रजिस्ट्रेशन हुए हैं। वहीं दो हजार से अधिक प्रदर्शक इसमें शामिल हो रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में व्यापारियों और खरीदारों के शामिल होने से प्रदेश के 96 लाख से अधिक एमएसएमई उद्यमियों को नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों के पास अपने विशेष उत्पाद हैं और उनको अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रदेश के ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना का संचालन कर रही है। जिसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के 54 उत्पादों की जीआई टैगिंग हो चुकी हैं।
पीएम के कुशल नेतृत्व में बढ़ रह प्रदेश
उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। सीएम योगी ने कहा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने देश के कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सम्मान देने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की थी। उन्हीं की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश पहले ही इस योजना को लागू किया जा चुका है। कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, एमएलसी नरेंद्र भाटी, एमलएलसी श्रीचंद शर्मा व जिलाध्यक्ष गजेंद्र मावी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
यूपी का पहला और अनोखा ट्रेड शो से ऊंचाई छूने को तैयार: सचान
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यह अपनी तरह का अनोखा ट्रेड शो है। जिसमें यूपी के कोने-कोने से विभिन्न क्षेत्रों के लोग अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले व्यापार शो केवल कुछ क्षेत्रों के प्रदर्शन तक ही सीमित थे, लेकिन इस बार व्यापार शो में रक्षा, कृषि, ई-कॉमर्स, उद्योग, शिक्षा, डेयरी, मत्स्य पालन, कपड़ा, हथकरघा, जीआई उत्पाद सहित सभी क्षेत्र भाग ले रहे हैं। इससे प्रदेश और अधिक ऊंचाइयों को छूने को तैयार है।
नोएडा-ग्रेनो व यमुना प्राधिकरण और यूपीसीडा ने दिखाई अपने क्षेत्र की तस्वीर
गौतबुद्धनगर के तीनों प्राधिकरण ने अपनी परियोजनाओं को लेकर ट्रेड शो में स्टाल लगाए हैं। इनमें यमुना प्राधिकरण, नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी है और अपने क्षेत्र की प्रमुख विशेष उत्पाद बनाने वाली कंपनियों का भी स्टॉल लगाए हैं। वहीं यूपीसीडा की ओर से भी एक स्टाल लगाकर क्षेत्र में बनने वाले उत्पाद को दर्शाया।
एयरपोर्ट बना रही कंपनी के सीईओ को हुई परेशानी
मेले में राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के मंच के सामने वीआईपी गैलरी बनाई गई थी। इसमें जिले के नेताओं और विशेष उद्यमियों के अलावा बाहरी जनपदों से आने वाले मेहमानों के लिए सोफे डालकर बैठने की व्यवस्था की गई थी। गैलरी में पहुंचने के लिए लोग इधर-उधर से कार्ड लेकर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इनमें नोएडा एयरपोर्ट बना रही कंपनी ज्यूरिख के सीईओ क्रिस्टॉफ शेलमैन को भी इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। पहले तो उनको प्रवेश ही नहीं करने दिया और करीब 20 मिनट तक वह गैलरी के बाहर प्रवेश करने का इंतजार करते रहे। बाद में प्रवेश मिलने पर उन्हें सीट नहीं मिली।
गैलरी में पुलिस ने टोका तो अफसर ने इंस्पेक्टर को घूरा
वीआईपी गैलरी में प्रवेश कराने के लिए दो इंस्पेक्टरों की डयूटी लगाई गई थी। यूपीसीडा के सीईओ जब प्रवेश करने लगे तो इंस्पेक्टर ने उनके कार्ड को देखने का प्रयास किया। जैसे ही इंस्पेक्टर ने प्रतिक्रिया दी तो यूपीसीडा के सीईओ ने इंस्पेक्टर को घूरा और वीआईपी गैलरी में प्रवेश कर गए।
पद लेकर घर नहीं बैठना है : योगी
गौतमबुद्धनगर में हाल ही में गजेंद्र मावी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है और बृहस्पतिवार को व्यापार मेले के दौरान उनका मुख्यमंत्री से परिचय हुआ तो इस दौरान सीएम ने चलते हुए कहा कि पार्टी के लिए मेहनत करिए। पद लेकर घर नहीं बैठना है बल्कि परिश्रम करके जन-जन तक पार्ट की बात को पहुंचाना है।