छिजारसी में नवजात बच्ची को सड़क किनारे फेंका, मौत
नोएडा। फेज थ्री कोतवाली क्षेत्र के छिजारसी गांव में सोमवार को सड़क किनारे नवजात बच्ची को फेंकने का मामला सामने आया है। गांव के रहने वाले एक शख्स ने पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने समय पर इलाज नहीं मिलने और गर्मी व धूप से बच्ची के दम तोड़ने की बात कही। पुलिस ने बताया कि सोमवार को एक शख्स ने सूचना दी कि बच्ची 21 फुटा रोड पर पड़ी है। मौके पर पहुंच कर देखा तो उसकी सांस चल रही थी। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। प्रभारी अमित कुमार सिंह का कहना है कि किसी महिला ने लोक लाज के भय से नवजात को सड़क किनारे फेंक दिया होगा। अगर बच्ची को कुछ समय पहले अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो उसकी जान बच जाती।