आरोपी दंपती ने कारोबारी विकास चक्रवती, उनकी पत्नी और बेटे को शुक्रवार रात फ्राइड राइस में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार को रविवार को 48 घंटे के बाद होश आया तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दंपती की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दि पाम्स सोसाइटी में रहने वाले विकास चक्रवती ने बीटा-2 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि उन्होंने अप्रैल माह में नेपाली मूल के प्रमोद व उनकी पत्नी गीता को घर के काम के लिए रखा था। दंपती को पूर्व में घरेलू सहायिका रही महिला ने उनसे परिचय कराया था। शुक्रवार रात दंपती ने उनके परिवार को फ्राइड राइस खाने में दिए। आरोपियों ने राइस में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। जिससे परिवार के तीनों सदस्य बेहोश हो गए। इसके बाद दंपती घर में रखे नकदी, आभूषण आदि चोरी कर फरार हो गए। आरोपी सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। पीड़ित परिवार को 48 घंटे के बाद रविवार को होश आया तो पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने प्रमोद व गीता को कॉल की तो उनका नंबर स्विच ऑफ था। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। बीटा-2 थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि चावल का नमूना लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
नहीं कराया था सत्यापन, नेपाल से लाना चुनौती
बीटा-1 में मर्चेंट नेवी के चीफ इंजीनियर सर्वज्ञ जैन के घर डकैती के बाद भी कर्मचारियों के सत्यापन नहीं कराने की बात सामने आई थी। अब, कारोबारी विकास चक्रवती के घर काम करने वाले दंपती नेपाली घरेलू सहायक सहायिका के भी सत्यापन नहीं कराने की बात सामने आई है। अगर, आरोपी वारदात कर फरार हो गए होंगे तो उनको भारत लेकर आना पुलिस के लिए चुनौती साबित होगा। तीन साल पहले भी नेपाल निवासी एक सहायक बीटा-2 थाना क्षेत्र से चोरी की वारदात कर फरार हो चुका है। हालांकि पुलिस को जानकारी मिली है कि नेपाल बॉर्डर पर बिहार के एक गांव में आरोपी का परिवार रहता है।
केस दर्ज कर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। निवासियों से अपील है कि वह अपने कर्मचारियों का सत्यापन जरूर करा लें। - अभिषेक वर्मा, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा जोन