ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सुपरटेक की परियोजनाओं में अब तक निर्माण शुरू नहीं होने और एनबीसीसी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में रेरा नियमों से पूरी छूट की मांग किए जाने पर नेफोवा ने नाराजगी जताई है। खरीदारों ने बिना देरी के निर्माण शुरू कराने और फ्लैटों की डिलीवरी की समय-सीमा तय करने की मांग की है। नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि एनसीएलएटी ने दिसंबर 2024 में सुपरटेक की 16 परियोजनाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी एनबीसीसी को दी थी, लेकिन 21 माह बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। छह मई को एनसीएलएटी ने 31 जुलाई तक निर्माण का ठेका देने का निर्देश दिया था, लेकिन यह भी बीत गया।