- 31 यूपी गर्ल्स बटालियन के प्रशिक्षण शिविर में अनुशासन, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 स्थित एस्टर पब्लिक स्कूल में 31 यूपी गर्ल्स बटालियन का एनसीसी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। 25 मई से शुरू हुआ यह शिविर 2 जून तक चलेगा, जिसमें विभिन्न संस्थानों की करीब 650 बालिका कैडेट्स भाग ले रही हैं। शिविर का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को शारीरिक अभ्यास, ड्रिल, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विभिन्न सत्रों में हिस्सा दिलाया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, शिविर में कैडेट्स को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मानसिक रूप से भी सशक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।