ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज में आयोजित एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-140 में सोमवार को कैडेटों ने अनुशासन, सांस्कृतिक विरासत और सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया। अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम के पहुंचने पर कैडेटों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। 36 यूपी बटालियन एनसीसी बुलंदशहर की ओर से आयोजित इस शिविर में गाजियाबाद ग्रुप मुख्यालय के अंतर्गत प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुपों के करीब 650 कैडेट प्रशिक्षण ले रहे हैं। शिविर में सर्वश्रेष्ठ ड्रिल ग्रुप, गार्ड ऑफ ऑनर, कलर एरिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के आधार पर टीमों का चयन किया गया। कैडेटों ने समूह गान, समूह नृत्य और बैले डांस के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। ब्यूरो