ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 37 यूपी बटालियन एनसीसी गाजियाबाद की ओर से आयोजित सीएटीसी-130 प्रशिक्षण शिविर के तहत शुक्रवार को केंद्रीय सभागार में सैन्य प्रदर्शन और विशेषज्ञ व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए करीब 620 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडो दल का विशेष सैन्य प्रदर्शन रहा। कमांडो दल ने आधुनिक हथियारों, सैन्य उपकरणों और विशेष अभियानों की जानकारी देकर कैडेटों को सेना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह और प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का सशक्त मंच है। वहीं, गूगल के टेक्नोलॉजी आर्किटेक्ट अमित शर्मा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के वर्तमान और भविष्य में बढ़ते महत्व पर युवाओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर कर्नल संदीप पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष डोगरा, सूबेदार मेजर हरविंदर सिंह और डॉ. नितेश सिंह भाटी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो