नौतपा खत्म लेकिन परेशान करेगी तेज धूप
यमुना सिटी। नौतपा मंगलवार को खत्म हो चुका है लेकिन तेज धूप और गर्मी अभी लोगों को परेशान करेगी। मंगलवार को पूरे दिन धूप रही और लोगों को गर्मी का एहसास होता रहा। बीते दिनों बारिश और मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आई थी और लोगों को राहत मिली थी। बीते दिनों हुई बारिश के बाद किसानों ने राहत महसूस की थी। खेतों में नमी आ गई थी, जिससे बीज बोने का इंतजार कर रहे किसानों को फायदा हुआ था। वहीं दूसरी ओर जिन किसानों ने बाजरा बो रखा है, उनकी फसल को पानी मिल गया था और सिंचाई का खर्च बच गया था। वहीं अब फिर तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। ब्यूरो