रामगढ़ रोड से हटवाया अतिक्रमण, तीन हजार का जुर्माना वसूला
फिरोजाबाद। शनिवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल ने रामगढ़ रोड बैंच और तख्त डालकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसा। टीम ने सड़क को साफ कराया। तीन दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन का स्टॉक मिला। दुकानदारों पर 3000 का जुर्माना लगाया गया है।
कर्नल जीएम खान के निर्देश पर नगर निगम के प्रवर्तन दल ने जीतेश कुमार के नेतृत्व में थाना रामगढ क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों व गली के नुक्कड़ पर तख्त और बैंच डाल कर अतिक्रमण करने पर दुकानदारों को कडी चेतावनी दी। सड़कों पर रखे तख्त और बैंच आदि हटवाये गये। अभियान के दौरान शान मुहम्मद, मोहम्मद युसुफ और शमीर की दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन का जखीरा मिला। तीनों दुकानदारों पर प्रवर्तन दल की टीम ने 1000-1000 रुपये का जुर्माना लगाया। तीनों से कुल 3000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
फोटो-15
नई बस्ती और नया तिलकनगर क्षेत्र में गंदे और झागदार पानी की शिकायत
फिरोजाबाद। नई बस्ती वार्ड संख्या 43 से जुडे मोहल्ला नई बस्ती और वार्ड संख्या 26 से जुड़े नया तिलकनगर में गंदे पानी की शिकायत है। क्षेत्रीय लोगों ने निगम के जलकल विभाग को समस्या निराकरण के लिए शिकायती पत्र दिया है।
वार्ड संख्या 43 नई बस्ती स्थित कई गलियों में कई दिन से गंदे व मटमैला पानी आने की शिकायत है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक कई दिन से आ रहे गंदे पानी की शिकायत निगम के जलकल विभाग को दी गई है। लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। वहीं वार्ड संख्या 26 नया तिलक नगर स्थित ट्रांसफार्मर वाली गली, शांति स्वीट के सामने वाली गली और दाऊदयाल कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग स्थित घरों में शनिवार को गंदे व झागदार पानी की शिकायत सामने आईं। क्षेत्रीय लोगों ने समस्या निदान के लिए जलकल विभाग के अफसरों को शिकायती पत्र दिया है। आर्यनगर में भी गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत कांग्रेस नेता धर्मसिंह यादव ने की है। वहीं महाप्रबंधक जलकल आरबी सिंह राजपूत के मुताबिक समस्या का निदान कराने के लिए रविवार मौके पर टीम भेजी जाएगी।