जेएस विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह : डिग्री पाकर खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे
उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने 270 छात्र-छात्राओं को बांटी डिग्री और पहनाए मेडल
शिकोहाबाद। जेएस विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को नई उड़ान मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विपिन सांधी ने 270 मेधावियों को मेडल और डिग्री प्रदान की। जिसमें 35 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल, 35 को सिल्वर और 35 को कांस्य पदक तथा शेष को डिग्री प्रदान की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक पहना कर और डिग्री प्रदान कर उनको सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सुकेश यादव ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा की कुलपति प्रोफेसर आशू रानी, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. पद्मश्री प्रोफेसर हरमहेंद्र सिंह बेदी ने छात्र-छात्राओं से कहां कि संस्थान से निकलने के बाद करियर में ऊंची उड़ान भरें। इसके लिए आगे भी आपको मेहनत करनी होगी। शिक्षा के माध्यम से तरक्की का संदेश भी दिया। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सुकेश यादव ने की।
इस मौके पर संस्थापक जगदीश सिंह यादव, चेयरपर्सन डॉ. गीता यादव, उपकुलाधिपति डॉ. पीएस यादव,कुलपति डॉ. हरीमोहन शर्मा, ट्रस्टी अशोक यादव, हिमांशू यादव मौजूद रहे।