रिश्ते का कत्ल : शराब पीकर आए छोटे भाई को टोका तो चाकू मार कर डाली हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव सिटावली में शराब पीकर घर आए छोटे भाई ने बड़े भाई से झगड़ा कर उनके सीने में चाकू से वार कर दिया। चाकू से वार करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। परिजन घायल को लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर घर चले गए। मामले का पता लगने पर पुलिस टीम गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
गांव सिटावली निवासी लोकेश (40) वीरवार रात को अपने घर पर थे। रात को उनका छोटा भाई नवीन शराब के नशे में घर पर पहुंचा था। लोकेश ने उसके शराब पीकर आने पर विरोध जताया तो दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया। वह पहले घर के अंदर झगड़ते रहे और फिर बाहर आकर कहासुनी करने लगे। बाद में फिर से घर के अंदर चले गए। मृतक लोकेश की पत्नी अंजू ने पुलिस को बताया कि झगड़े के दौरान देवर नवीन ने उनके पति के सीने में चाकू से वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। उनका देवर वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग गया। परिजनों ने लोकेश को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। जिस पर परिजन शव को लेकर गांव में चले गए। जिसका पता लगने पर मोहाना थाना प्रभारी दिलबाग सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस ने शाम को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मृतक लोकेश की पत्नी अंजू के बयान पर नवीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
तीन भाईयों में बड़ा था लोकेश, नवीन सबसे छोटा
लोकेश तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। वहीं उनकी हत्या का आरोपी नवीन सबसे छोटा है। दोनों भाई एक साथ रहते है। लोकेश के दो बेटे हैं। जिसमें बड़ा बेटा दसवीं व छोटा पांचवीं कक्षा का छात्रा है। घटना के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
गांव सिटावली में छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक का अपना प्राइवेट काम था। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
- दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी, मोहाना