मेरठ। सोमदत्त विहार में बीएससी के छात्र कार्तिक भड़ाना की हत्या के मुख्य आरोपी वरुण शर्मा को मेडिकल पुलिस और सर्विलांस टीम ने कचहरी परिसर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वरुण सरेंडर करने कोर्ट में जा रहा था। इसी दौरान उसे गिरफ्त में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार वरुण ने बताया कि वह कार्तिक के दोस्त आदित्य भाटी की प्रेमिका छात्रा से दोस्ती करना चाहता था। आदित्य और कार्तिक के कहने पर छात्रा ने उसे थप्पड़ मारा था। इसके बाद छात्र गुटों में संघर्ष हुआ। इसमें चाकू से गोदकर कार्तिक को मार दिया गया था।इससे पहले दो आरोपियों को जेल और एक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। गत 18 जनवरी को सोमदत्त विहार स्थित बीडीएस स्कूल के सामने एक छात्रा को लेकर वरुण शर्मा निवासी जागृति विहार और आदित्य भाटी के बीच विवाद हो गया था। विवाद के चलते दोनों गुटों के बीच जमकर चाकूबाजी व लाठी डंडे चले थे। वरुण के भाई तरुण ने कार्तिक निवासी प्रवेश विहार के पेट में चाकू से कई वार करते हुए हत्या कर दी थी। सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि अन्य आराेपी जल्द ही पकड़े जाएंगे।