मोदीपुरम। मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को तापमान बढ़कर 24 पार पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को बूंदाबांदी के आसार हैं।
दिन का अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को जनवरी माह में मार्च जैसी गर्मी दिखी। हवा की रफ्तार धीमी रही। पिछले पांच दिनों से तापमान 22 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जनवरी में तापमान 24 डिग्री पहुंचना सही नहीं है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि मंगलवार से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ समेत कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 24.1 व न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 5 दिनों का तापमान
तिथि अधिकतम तापमान
19 जनवरी 20.3
20 जनवरी 22.1
21 जनवरी 21.8
22 जनवरी 22.1
23 जनवरी 24.1
एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 पार
मोदीपुरम। शहर की हवा दिनों दिन प्रदूषित होती जा रही है। हवा की गति धीमी होने के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार बढ़ रहा है। मेरठ में गंगानगर का इलाका सबसे प्रदूषित रहा। यहां, एयर क्वालिटी इंडेक्स 327 पर पहुंच गया। जबकि, मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 306 दर्ज किया गया। पल्लवपुरम में 298, जयभीम नगर में 292 रहा। बागपत में 271, गाजियाबाद में 261, मुजफ्फरनगर में 265, शामली में 240 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया।