मेरठ। लखनऊ में सीएम आवास पर हुई जनप्रतिनिधियों की बैठक में कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने एलिवेटेड रोड, सड़कों के चौड़ीकरण और कैंट बोर्ड को राजस्व आवंटन की मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि शहर में रैपिड रेल का कार्य चल रहा है। इसका कॉरिडोर दो हापुड़ मार्ग यानि बेगमपुल से होता हुआ बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा और काली नदी तक प्रस्तावित है। यह कार्य जल्द शुरु होगा। ऐसे में इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा। जिस कारण वैकल्पिक एलिवेटेड मार्ग बनाने से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इसके अलावा कैंट विधायक ने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। ऐसे में कैंट विधानसभा में ग्राम डाबका से दायमपुर तक और डाबका कट से ग्राम महमूदपुर लाला तक सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए। साथ ही जेल चुंगी चौराहे से अब्दुल्लापुर होते हुए काली नदी के पुल तक मार्ग का चौड़ीकरण कार्य किया जाना है। उन्होंने सदर थाने से गंगा मोटर कमेटी चौराहे होते हुए थानेश्वर चौक, सदर दाल मंडल, सराफा बाजार पर डेंस द्वारा लेपन कार्य, तुलसी कालोनी, सोफीपुर और रोशनी कुंज में सड़क निर्माण और नाली निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति मांगी।