मेरठ। रोशनपुर डोरली निवासी पेंट व्यापारी को घर से बुलाकर गोली मारने वाला आरोपी योगेश भदौड़ा गैंग का शूटर निकला। एक सप्ताह पहले ही उसने दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी होते ही दौराला पुलिस आरोपी को रिमांड पर लाने की तैयारी में जुट गई है।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के गांव रोशनपुर डोरली निवासी अशोक कुमार की गांव अम्हैड़ा में पेंट की दुकान है। 21 दिसंबर को जमालपुर निवासी सुमित भड़ाना अपने एक अन्य दोस्त के साथ अशोक के घर पहुंचा था। इसके बाद वह अशोक को गाड़ी में बैठाकर दौराला की ओर चल दिए थे। सिवाया टोल पार करने के बाद उन्होंने कार को भराला से गंगानगर जाने वाले रजबहे की पटरी पर कार को मोड़ दिया था। इसके बाद कार में पीछे बैठे सुमित ने अशोक के सिर में तमंचे की बट से वार किया और कनपटी पर गोली चला दी थी। अशोक के गर्दन घुमाने पर गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई थी। उन्होंने कार से कूदकर जान बचाई थी। व्यापारी की शिकायत पर सुमित भड़ाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। बताया गया है कि आरोपी योगेश भदौड़ा गैंग का शूटर है। उसके ऊपर अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। दौराला पुलिस अब आरोपी को बी वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।