सरधना। आचार्य नमि सागर जैन इंटर काॅलेज में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के तहत कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 10 विद्यालयों के लगभग 600 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। सभी ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वक्ताओं ने छात्रों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने किया। अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विमल शर्मा ने की। धनपाल जैन व जिपं अध्यक्ष गौरव चौधरी ने दीप जलाया। इस दौरान सांसद विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा को लेकर तनाव को दूर करने, परीक्षा के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने और परीक्षा को बोझ की तरह न लेने जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री से सवाल पूछते हैं। दूसरी तरफ, पीएम मोदी स्टूडेंट्स के इन सवालों का प्रेरक उदाहरणों के साथ जवाब देते हैं।
पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई एक अभिनव पहल है जो न केवल भारत के युवाओं को बल्कि सभी को मार्गदर्शन प्रदान करती है। इसका उद्देश्य छात्रों के दिमाग से तनाव को कम करना है। अतिथियों ने प्रतियोगिता के पांच विजेताओं मुस्कान, सायमा, उजाला भारती, गौरव जैन व पीहू को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को विशेष सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। संचालन आलोक जैन व मानिक चंद जैन ने किया। कवि सुमनेश सुमन ने कविता से बच्चों में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में चौधरी यशवीर सिंह, राजीव जैन, आलोक जैन, पंकज जैन, बांके पंवार, विजय बहादुर सिंह, मंजुलता जैन, डॉ. महेश सोम, अम्बुज प्रकाश, वीरेंद्र चौधरी, ललित गुप्ता, मनोज प्रमुख, विनोद जैन, सुधीर त्यागी, नागेंद्र राठी आदि थे।