मेरठ। वन विभाग की ओर से बुधवार को भी कैंट क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में अभियान चलाया गया। बुधवार को तेंदुए से संबंधित कोई सूचना विभाग को नहीं मिली। आरवीसी सेंटर और गुरुद्वारा के पास पिंजरों की जगह को बदल दिया गया है। वन विभाग ने कैंट क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में 17 ट्रैप कैमरे व 4 पिंजरे लगाए हुए हैं।
बुुधवार को विभाग की ओर तेंदुए के लिए लगाए गए पिंजरों की जगह को बदला गया। डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए कैंट क्षेत्र में अभियान जारी है। बुधवार को कोई सूचना नहीं मिली है। उधर, जागृति विहार से टीम को हटा लिया गया है। वहां भी टीम को अब कोई निशान नहीं मिले हैं। वन विभाग की टीम ने जागृति विहार सेक्टर 8, कीर्ति पैलेस, लख्मी विहार समेत तमाम क्षेत्र के लोगों से बातचीत कर जानकारी ली। लोगों से तेंदुए से संबंधित कोई सूचना टीम को नहीं मिली।
उधर, यह भी चर्चा रही कि मंगलवार शाम मोदीनगर क्षेत्र में जो तेंदुआ सड़क हादसे में मरा था, वह मेरठ वाला ही हो सकता है। बुधवार रात में भी क्षेत्र में लोग आराम से घूमते नजर आए। वन विभाग की टीम अभी कैंट क्षेत्र में सतर्कता बरते हुए है।
सड़क हादसे में मारे गए तेंदुए का हुआ पोस्टमार्टम
डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार देर शाम मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर भोजपुर के पास सड़क हादसे में एक तेंदुआ मर गया था। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर लगने से तेंदुए की मौत हुई थी। बुधवार को वन विभाग की ओर से गाजियाबाद वन रेंज में तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद तेंदुए को जला दिया गया।