इटावा/बसरेहर। इटावा-बरेली हाईवे और उसके आसपास कुछ लोग नया वाहन खरीदने वालों से किस्त न जमा होने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। ऐसे तीन मामले सामने आने के बाद एसपी देहात ने मामले में कार्रवाई की बात कही है।
लाखापुर और इससे आगे बसरेहर थाना क्षेत्र में सन्नाटे वाल जगह पर कार और बाइक सवार लोग नए वाहन देखकर उन्हें ओवरटेक कर रोक लेते हैं। उनसे किस्त जमा न होने की बात कहकर रुपयों की मांग करते हैं। इसके बात दो से पांच हजार रुपये तक वसूल लेते हैं। विरोध पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। महिलाओं से भी बदसलूकी करते हैं। रुपये लेकर भाग जाते हैं।
केस 1
बसरेहर के विकास ने बताया कि उसने पिछले साल नवंबर में बाइक खरीदी थी। गत 20 जनवरी को वह बाइक से भाभी की दवाई लेने इटावा गए थे। लौटते वक्त फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के इटावा बरेली हाईवे पर विवेक विहार कॉलोनी के पास पीछे से आए कार सवारों ने उन्हें रोक लिया। पांच लोगों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और एक ने उसकी बाइक छीन ली। कहा कि किस्त जमा नहीं हुई है बाइक छोड़ जाओ। दो हजार रुपये लेने के बाद छोड़ा।
केस 2
खुड़ीसर गांव के ओमकांत एक जनवरी को बाइक खरीदी थी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को वह गांव से बसरेहर एजेंसी पर बाइक की सर्विस कराने जा रहे थे। बसरेहर थाना क्षेत्र में सेंट्रल बैंक के पास दो बाइक सवार छह युवक आए और उनकी बाइक रोक ली। किस्त जमा न होने की बात कर चाबी छीन ली। बाइक ले जाने लगे। यह सब देख उसने चिल्लाना शुरू कर दिया तो लोग जमा होने लगे। इसी बीच मौका पाकर सभी भाग गए।
केस 3
बसरेहर के सौरभ पोरवाल ने बताया कि 30 जनवरी को वह परिवार के साथ नुमाइश जा रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे लाखापुर के पास कार सवारों ने रोक लिया। जानकारी के लिए उतरा तो एक ने कार की चाबी निकाल ली। किस्त जमा न होने की बात कहकर धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि किस्तें तो अप्रैल 2021 में ही समाप्त हो चुकी हैं। इसके बावजूद रुपये देने को लेकर दबाब बनाते रहे। घटना के बाद से परिवार के लोगों में डर बना हुआ है।
यदि इस तरह कोई अवैध वसूली कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फ्रेंड्स कॉलोनी और बसरेहर पुलिस को ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए निर्देशित किया जाएगा। - सत्यपाल सिंह, एसपी देहात