कदौरा। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्रों की शिकायत पर जांच करने पहुंची टीम पर भेदभाव के आरोप लगे हैं।
इकौना गांव में कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि सुविधा शुल्क न देने पर पंचायत सचिव ने मनमानी की। ग्राम प्रधान ने भी ग्रामीणों के आरोप को सही बताया था। मामला शासन स्तर तक पहुंचने पर मंडलायुक्त ने जांच के निर्देश दिए थे। बीडीओ ने एडीओ अजय गुप्ता के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम को जांच के लिए इकौना भेजा। एडीओ ने बताया कि बऊअन, गिरिजा देवी और राजू के जॉब कार्ड में दूसरे लोगों के आवास की धनराशि जाने के कारण नाम कटा है। पप्पू, अजय कुमार, हरीशंकर,बबली देवी और सुनीता की जांच रिपोर्ट सौंपेंगे। ग्रामीणों ने जांच टीम पर खानापूरी कर दूसरे मकानों की फोटो खींच कर ले जाने का आरोप लगाया है। प्रधान उषा देवी ने बताया कि जिन लोगों के कच्चे मकान बाढ़ से गिरे हैं, वह लोग ठंड में तिरपाल डालकर रहने के लिए मजबूर हैं।
बीडीओ अश्विनी कुमार सिंह ने कहा कि अगर टीम ने सही जांच नहीं की है तो दूसरी टीम भेज कर जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।