कंपिल। तमंचे के बल पर युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने चाचा-भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गांव बढ़ार निवासी दूधिया अनमोल व उसके चाचा राजीव के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि 17 जनवरी को खेत पर कंडा पाथने के लिए गई थी। दूधिया अनमोल व उसके चाचा राजीव बाइक से वहां पहुंचे। अनमोल युवती से बात करते हुए उसको लालच देकर नाले के पास ले गया। वहां तमंचे के बल पर अनमोल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद चाचा राजीव वहां पहुंचे और अनमोल को बाइक पर बैठाकर साथ लेकर चले गए।
इस मामले में घटना के दिन ही चौकी पर सूचना दी थी। एसओ आर एन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर युवती का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह घर में नहीं मिले। (संवाद)
टिनशेड तोड़ने में छह पर मुकदमा
राजेपुर। थाना क्षेत्र के गांव कमालउद्दीनपुर निवासी अनीस खान की गांव के मोनू से जमीन का विवाद चल रहा है। जमीन का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। इसी रंजिश में मोनू, रामनरेश, राहुल, मोलू, धूमपाल व एक अन्य ने अनीस खान के खेत में पड़े टिनशेड को तोड़ दिया। पुलिस ने अनीस की तहरीर पर मोनू सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। (संवाद)