छह दिन पहले पति के संग रहने आई महिला की हत्या
- पति पर वारदात कर फरार होने का शक, मोबाइल बंद
- शव पोस्टमार्टम के लिए भेज पड़ताल में जुटी पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में छह दिन पहले पति के साथ किराये के मकान में रहने आई इटावा के पचगांव निवासी रचना कुमारी 22 की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद से रचना के पति आगरा के पछाया गांव के तेजेंद्र का अता-पता नहीं है। उसका मोबाइल भी बंद है। दंपती के कोई संतान नहीं है। प्रथम दृष्टया पति पर ही रचना की हत्या कर फरार होने का शक जताया जा रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस वारदात की पड़ताल में जुटी है।
तेजेंद्र का विवाह तीन साल पहले हुआ था। छह दिन पहले ही वह तुगलपुर स्थित बीरम सिंह के मकान में किराये पर रहने आया था। तेजेंद्र पत्नी रचना को भी साथ लेकर आया था। संभावना है कि तेजेंद्र रोजगार की तलाश में ग्रेटर नोएडा आया था। मंगलवार शाम लगभग छह बजे मकान मालिक बीरम सिंह ने महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की तो पता चला कि रचना का शव कमरे में पड़ा है। जबकि उसका पति वहां मौजूद नहीं था। रचना के गले पर निशान थे। पुलिस का कहना है कि रचना की गला दबाकर हत्या की गई है। एसीपी रामकृष्ण तिवारी का कहना है कि मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई। एफएसएल टीम ने भी निरीक्षण किया है। पति के नहीं मिलने और मोबाइल बंद होने से उस पर हत्या कर फरार होने का शक है। मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। जल्द वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।