नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित एवियर कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन के मैनेजमेंट और कॉमर्स विभाग ने पहले मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्र-प्रतिनिधियों ने वैश्विक व्यापार युद्ध और उनका विकासशील अर्थव्यवस्थाओं पर प्रभाव विषय पर विचार-विमर्श किया। साथ ही प्रतिभागियों ने कूटनीतिक संवाद, तार्किक बहस और नेतृत्व कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन में कॉलेज के प्रबंध निदेशक कनिका सिंह, कार्यकारी निदेशक अमरेश कुमार, डीन डॉ. अभिषेक स्वामी सहित विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य उपस्थित रहे। सत्र के अंत में सर्वश्रेष्ठ वक्ता पुरस्कार प्रदान किए गए। इसमें प्रथम स्थान मेक्सिको के प्रतिनिधि सनी प्रताप पांडे, द्वितीय स्थान जापान की प्रतिनिधि साधना व चीन के प्रतिनिधि मोहम्मद सोनू को और तृतीय स्थान नाइजीरिया के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार चौबे को मिला। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।