130 मीटर रोड पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। चालक ने आग लगती देख कूदकर अपनी जान बचाई है। पुलिस के मुताबिक, ट्रक मेरठ से पेपर रोल भरकर तिलपता रोड होते हुए कासना की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक मिल्क लच्छी गांव के सामने पहुंचा।
तभी उसके केबिन से धुंआ निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना पाकर रोजा जलालपुर चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पा लिया। ट्रक में रखे पेपर रोल का कुछ हिस्सा आग की चपेट में आ गया।
लेकिन समय रहते आग को बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी बताया गया है। घटना के समय ट्रक चालक ने समझदारी दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटवा दिया गया है।