नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार कंपनीकर्मी की जान चली गई। आरोप है कि पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से भाग गया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। एटा के मेहनी गांव निवासी सूरजपाल ने बताया कि वह अपने बेटे गजेंद्र सिंह के साथ चोटपुर कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। गजेंद्र एक निजी कंपनी में सैंपलिंग का काम करता था। चार सितंबर की रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आई कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। ब्यूरो