नोएडा (संवाद)। सेक्टर-128 में स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने 11 वर्षीय बच्चे का कॉम्प्लेक्स ब्लड ग्रुप-इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक कर नई जिंदगी दी। कक्षा 7 में पढ़ने वाला मास्टर अंश लंबे समय से क्रॉनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) से पीड़ित था। ऐसे में अंश की 37 वर्षीय मां सुमन ने ब्लड ग्रुप मैच न होने के बावजूद अपनी एक किडनी दान करने का निर्णय लिया। अंश का ब्लड ग्रुप ओ पॉजिटिव और मां का बी पॉजिटिव होने के कारण यह एबीओ-इनकम्पैटिबल ट्रांसप्लांट था, जिसे बेहद जटिल माना जाता है। डॉक्टरों ने एडवांस डिसेंसिटाइजेशन तकनीक और विशेष मॉनिटरिंग के जरिए सफल सर्जरी की। 22 दिनों तक निगरानी में रखने के बाद बच्चे को स्वस्थ हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।