संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-50 में तेज रफ्तार थार की टक्कर से कार सवार महिला और उनका तीन साल का बेटा घायल हो गए। हादसे में महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों को सेक्टर-50 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित के पति ने सेक्टर-49 थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सेक्टर-50 निवासी विजय सैनी ने पुलिस को बताया कि पांच अक्टूबर को पत्नी प्राची सिंह तीन साल के बेटे के साथ मायके से लौट रही थीं। कार सेक्टर-50 स्थित सोसाइटी के पास पहुंची थी, तभी थार ने कार में टक्कर मार दी। थाना प्रभारी आर पी शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।