यीडा के 1184 आवासीय भूखंड के लिए आए 1.40 से अधिक आवेदन
- नोएडा एयरपोर्ट समेत अन्य परियोजनाओं से बढ़ रहा लोगों का रुझान
- भूखंडों की संख्या से अधिक आए एक मुश्त जमा करने वालों के आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माणाधीन नोएडा एयरपोर्ट व अन्य परियोजनाओं से क्षेत्र में न केवल निवेश के लिए उद्यमियों का रुझान बढ़ रहा है, बल्कि यहां की आवासीय योजना में लोग खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। आठ अगस्त को निकाली गई 1184 आवासीय भूखंडों की योजना में यीडा को 1.40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। योजना के भूखंडों से अधिक एक मुश्त जमा करने वालों के आवेदन मिले हैं। ऐसे में किश्तों पर भुगतान करने वालों को भूखंड मिलने की संभावना नहीं है। यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-16, 17 और 20 में आठ अगस्त को आवासीय भूखंड की योजना लांच की थी। इस योजना में 120 वर्ग मीटर से लेकर दो हजार वर्ग मीटर तक के भूखंड हैं। इस योजना के लांच होते ही लोगों ने फार्म खरीदकर तेजी से आवेदन करने शुरू किए। 1.40 से अधिक आवेदन प्राप्त कर यमुना प्राधिकरण ने फार्मों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारी इस योजना का ड्रा निर्धारित 18 अक्तूबर को निकालने का दावा कर रहे हैं। 200 मीटर के भूखंड में सर्वाधिक 59,983 लोगों ने आवेदन किया है। जबकि सबसे कम आवेदन 693 दो हजार मीटर के लिए प्राप्त हुए हैं। खास बात यह है कि भूखंड की संख्या से अधिक आवेदन एकमुश्त भुगतान करने वालों के आए हैं। नियमानुसार एकमुश्त भुगतान करने वालों को पहले ड्रा में शामिल किया जाएगा। ऐसे में किश्तों में भुगतान करने वालों को ड्रा में शामिल होने की संभावना नहीं है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि आवेदनों की संख्या 1.40 लाख से अधिक है। आवेदनों की जांच की जा रही है। तय समय पर ड्रा निकाला जाएगा।