पैसों की जानकारी के लिए पुलिस ने इंडसइंड बैंक के मैनेजर से किया संपर्क
पुलिस सीसीटीवी की फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सराय रोहिल्ला में दो दिन पहले पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को काटकर 19.94 लाख रुपये की चोरी के बाद मंगलवार तड़के बदमाशों ने रणजीत नगर स्थित इंडसइंड बैंक को निशाना बनाया। बदमाशों ने मशीन को काटकर रुपये चुरा लिए। पुलिस ने बैंक मैनेजर से संपर्क कर बदमाशों ने कितने रुपये चुराए इसकी जानकारी मांगी है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, इंडसइंड बैंक के मुंबई मुख्यालय से पटेल नगर इलाके में बैंक के एटीएम में मशीन से छेड़छाड़ की शिकायत मिली, लेकिन शिकायत करने वाले को एटीएम के सटीक स्थान के बारे में जानकारी नहीं थी। सूचना मिलते ही पटेल नगर थाने की पुलिस की टीमों ने इलाके में स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम की जांच शुरू की। रणजीत नगर में एटीएम का निरीक्षण करने पर पता चला कि एटीएम को गैस कटर से काटा गया है। इसके बाद पटेल नगर पुलिस ने रणजीत नगर पुलिस को घटना की जानकारी दी। रणजीत नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। घटना के समय एटीएम में कितने पैसे थे, इसके लिए बैंक के एरिया मैनेजर से संपर्क किया गया है।