नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रिमांड बढ़ने के बाद मंत्री आतिशी ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में बताया कि ईडी के पास भ्रष्टाचार व मनी लॉन्ड्रिंग से आए पैसे को वे देश के गरीबों में बांटने का कोई तरीका ढूंढेंगे। आतिशी ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि मोदी को ईडी के पास आए पैसे को जनता में बांटने के लिए कानून की जरूरत होगी, लेकिन मनी लॉन्ड्रिंग की आरोपी कंपनियों से भाजपा को मिले पैसों को जनता में बांटने के लिए उन्हें किसी कानून की जरूरत नहीं है। ईडी की रेड के बाद मनी लॉन्ड्रिंग की आरोपी कंपनियों से भाजपा के पास सबसे ज्यादा पैसा चुनावी चंदे के रूप में आया है। ऐसे में भाजपा तुरंत घोषणा करे कि 41 कंपनियां जिन पर रेड के बाद 2741 करोड़ रुपये का चंदा भाजपा को मिला है, उसका चुनाव के बजाय जनहित में इस्तेमाल करेगी। भाजपा सार्वजनिक रूप से घोषणा करे कि इस पैसे को प्रचार में खर्च नहीं करेगी। ब्यूरो