समर्थकों के पेटीएम से मतदाताओं को दिलाए जा रहे पैसे
ग्रेटर नोएडा। निकाय चुनाव के लिए मतदान का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीति गर्माने लगी है। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए शराब और उपहार बांटने का दौर शुरू हो गया है। यही नहीं समर्थकों के पेटीएम के जरिए मतदाताओं को पैसे भी दिए जा रहे हैं। समर्थक अपने खाते से 500 से 2000 हजार रुपये तक पेटीएम कर रहे हैं। इसलिए दूसरे लोगों को पता नहीं चल रहा है। दनकौर, बिलासपुर व दादरी में इस तरह के मामलों की चर्चा जोरों पर है। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस तरह की जानकारी होने से साफ इंकार किया है। ब्यूरो
-
दो प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़े
बिलासपुर (संवाद)। देर रात दो प्रत्याशी के समर्थकों के बीच प्रचार के दौरान हाथापाई हो गई। इसमें एक प्रत्याशी की ओर से दनकौर कोतवाली में शिकायत की गई है। उधर, जब अधिकारियों को इस घटना की जानकारी मिली तो रविवार को उन्होंने सभी प्रत्याशियों को बुलाकर बिलासपुर चौकी परिसर में बैठक की और शांति से चुनाव संपन्न कराने के लिए सहयोग की अपील की। दरअसल, शनिवार को बिलासपुर में चुनाव प्रचार के दौरान विशेष मतदाताओं पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। जानकारी होने पर रविवार को एसडीएम अंकित कुमार, एसीपी पवन गौतम, दनकौर कोतवाल संजय सिंह तथा नगर पंचायत के अधिकारी व रिटर्निंग अधिकारियों ने पुलिस चौकी पर एक बैठक की। प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों के साथ वार्ता करते हुए अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आचार संहिता का उल्लंघन करते पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।